महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 के कार्यक्रम के लिए पोस्टर विमोचन किया छात्रों में नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा
बक्सर। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर में “राष्ट्रीय विज्ञान दिवस2026” के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए पोस्टर का विधिवत विमोचन विश्वामित्र प्रशासनिक भवन में किया गया। यह आयोजन महान वैज्ञानिक सीवी रमन द्वारा खोजे गए ‘रमन प्रभाव’ की स्मृति में मनाया जा रहा है। प्राचार्य प्रो० (डॉ) कृष्णा कान्त सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में पोस्टर का अनावरण किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. सी. वी. रमन की खोज ने भारतीय विज्ञान को वैश्विक पहचान दिलाई और राष्ट्रीय विज्ञान दिवस विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण व नवाचार की भावना विकसित करने का अवसर है। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत संगोष्ठी, विज्ञान प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं विशेष व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। पोस्टर विमोचन में डॉ. भरत कुमार, डॉ. सैकत देवनाथ, डॉ. अमन कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार तिवारी, डॉ. शैलेन्द्र कुमार, डॉ. वीरेन्द्र प्रसाद सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










