कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान दूसरा चरण शुरू बूथ स्तर पर मजबूती और सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार
बक्सर। इंडियन नेशनल कांग्रेस के बहुचर्चित ‘संगठन सृजन अभियान’ के द्वितीय चरण की शुरुआत राजपुर प्रखंड के तियरा मनोहरपुर गांव से हुई। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी द्वारा नियुक्त राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य राजेश राठौर की उपस्थिति रही तथा अध्यक्षता वरिष्ठ नेता वीरेंद्र राम ने की। राजेश राठौर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। यह पहल लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के आह्वान पर शुरू की गई है, जिसका मकसद समर्पित कार्यकर्ताओं की नई टीम तैयार करना है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों को जोड़ने पर बल दिया। प्रदेश पर्यवेक्षक मृणाल अनामय ने चुनावों को देखते हुए संगठन की मजबूती को आवश्यक बताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि बूथ स्तर पर कमेटियां गठित कर निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। चैसा प्रखंड में प्रखंड अध्यक्ष राजा रमण पांडे की अध्यक्षता में भी बैठक हुई। कार्यक्रम में संजय कुमार पांडे, संजय कुमार दुबे, अरविंद पांडे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










