बक्सर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा गांव में 24 फरवरी 2026 की रात लगभग 10 बजे एक विवाह समारोह के दौरान जयमाला कार्यक्रम में दुल्हन को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने घायल दुल्हन को सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी दीनबंधु चौधरी को समाहरणालय के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने प्रेम-प्रसंग में वारदात की बात स्वीकार की। उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक खोखा बरामद हुआ। मामले में कांड संख्या 64/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।










