भूकंप मॉक ड्रिल एनडीआरएफ एसडीआरएफ ने राहत और बचाव कौशल का प्रभावी प्रदर्शन
बक्सर। संयुक्त सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 571/आ०प्र० 24 फरवरी के आलोक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार गुरुवार को बक्सर जिले में भूकम्प परिदृश्य पर आधारित मॉक एक्सरसाइज (फिजिकल) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 08:00 बजे अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह के अभिभाषण से किया गया। उन्होंने आपदा के समय समन्वित एवं त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। मॉक एक्सरसाइज में एनडीआरएफ की दो टीम, एसडीआरएफ उत्तर प्रदेश की टीम, बिहार अग्निशमन सेवा, बिहार गृहरक्षा वाहिनी बक्सर, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल, जिला स्तरीय स्वास्थ्य विभाग, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, जिला आपात संचालन केंद्र (डीईओसी), एनसीसी सदस्य, रेडक्रॉस सोसायटी बक्सर, रोटरी क्लब बक्सर, हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन ने सक्रिय सहभागिता की। स्टेजिंग एरिया के रूप में किला मैदान, बक्सर तथा सिमुलेशन साइट के रूप में समाहरणालय परिसर, बक्सर को चिन्हित किया गया। संभावित भूकम्प की सूचना प्राप्त होते ही सभी टीमें आवश्यक उपकरणों के साथ समाहरणालय परिसर पहुंचीं तथा खोज एवं बचाव, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार एवं राहत कार्यों का प्रभावी प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल के दौरान आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और संसाधनों के कुशल उपयोग का सफल अभ्यास किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।










