बंगलोर में भोजपुरी समाज सेवा समिति की होली स्पेशल बैठक, 16वें होली मिलन समारोह की तैयारियाँ पूरी
बक्सर। बंगलोर स्थित भोजपुरी समाज सेवा समिति (रजि) की होली स्पेशल बैठक इंदिरा नगर स्थित प्रधान कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 16वें होली मिलन समारोह को भव्य एवं अनुशासित ढंग से आयोजित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 04 मार्च 2026 को कारपोरेशन स्कूल, बनारपेट, विवेक नगर, बंगलोर के प्रांगण में समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु किरण पटेल की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम गठित की गई। इसमें बेबी सिंह को उपाध्यक्ष, संजय भारती को मुख्य व्यवस्थापक, पुष्कर कुमार उर्फ मोनू एवं शिवशंकर सिंह को व्यवस्थापक मनोनीत किया गया। समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं चेयरमैन संजय सिंह उज्जैन ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी समारोह हर्षाेल्लास के साथ पारंपरिक वेशभूषा में मनाया जाएगा। नशा एवं मादक पदार्थों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। रासायनिक रंगों के स्थान पर मुल्तानी मिट्टी, चंदन, गुलाब की पंखुड़ियों से बने प्राकृतिक गुलाल व फूलों का उपयोग किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम मंत्री एवं समारोह अध्यक्ष किरण पटेल ने बताया कि दीप प्रज्वलन, केक कटिंग तथा मार्च माह में जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ वाले सदस्यों का सम्मान किया जाएगा। व्यवस्थापक पुष्कर कुमार ने बेस्ट परफॉर्मर को पुरस्कृत करने की घोषणा की। सचिव गिरीश चन्द्र पाण्डेय के अनुसार कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।










