गोसाईंपुर में भक्तिमय माहौल के बीच श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
बक्सर। नगर के गोसाईंपुर ग्राम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिवस पर भव्य जलभरी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बैंड-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर कार्यक्रम की शुरुआत की। भक्तों ने भजन-कीर्तन पर झूमते हुए भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की, वहीं युवाओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथा के प्रथम दिन मामाजी के कृपापात्र आचार्य श्री रणधीर ओझा ने कहा कि भागवत पुराण का मूल उद्देश्य जीव को ईश्वर से जोड़कर जीवन में दिव्यता का संचार करना है। उन्होंने बताया कि भागवत केवल ग्रंथ नहीं, बल्कि भगवान का साक्षात स्वरूप है। आचार्य श्री ने सत्संग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘सत्संग’ का अर्थ सत्य और सद्गुणों के साथ संग है। इससे मन की शुद्धि होती है और व्यक्ति के संस्कारों में सकारात्मक परिवर्तन आता है। आयोजक बबन उपाध्याय ने बताया कि कथा 19 से 25 फरवरी 2025 तक प्रतिदिन अपराह्न 3ः30 से संध्या 7ः00 बजे तक आयोजित होगी।










