सोखा धाम में ‘सोखा चालीसा’ व ‘सोखा बाबा विशेषांक’ का भव्य विमोचन समारोह सम्पन्न
इटाढ़ी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोखा धाम में पंडित स्व. रामस्वरूप तिवारी ‘मकरंद’ द्वारा रचित ‘सोखा चालीसा’ का विधिवत विमोचन किया गया। पुस्तक का संपादन डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी तथा संशोधन अधिवक्ता राकेश कुमार सिंह ने किया है। विमोचन भोजपुरी साहित्य मंडल के अध्यक्ष प्रो. अरुण मोहन भारवि ने सैकड़ों सोखा बाबा भक्तों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर ‘सोखा बाबा विशेषांक’ का भी लोकार्पण हुआ, जिसका प्रकाशन एसपीएस स्कूल, उनवांस द्वारा कराया गया है। पत्रिका में सोखाधाम (वीरभद्र धाम) की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं पर विस्तृत आलेख प्रकाशित है, जो ग्रामीण समाज में इसकी महत्ता को रेखांकित करता है। प्रो. भारवि ने सोखा धाम को पौराणिक स्थल बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. वैरागी ने कहा कि इस मेले को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रामायण परिपथ से जोड़ा जाना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व मुखिया राजेंद्र सिंह, दयाशंकर तिवारी, पंकज पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










