कौडेश्वर के सोखा धाम में ‘सोखा चालीसा’ का विमोचन, सैकड़ों श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
बक्सर। महाशिवरात्रि के अवसर पर कौडेश्वर स्थित सोखा धाम में पं. स्व. रामस्वरूप तिवारी मकरंद द्वारा लिखित सोखा चालीसा का विमोचन हुआ। इसका संपादन डॉ. वैरागी प्रभाष कुमार चतुर्वेदी और संशोधन राकेश कुमार सिंह अधिवक्ता द्वारा किया गया। विमोचन भोजपुरी साहित्य मंडल के अध्यक्ष प्रो. अरुण मोहन भारवि ने सैकड़ों सोखा बाबा भक्तों की उपस्थिति में किया। सोखा बाबा विशेषांक का प्रकाशन एस. पी. एस. स्कूल उनवांस द्वारा किया गया, जिसमें सोखा-धाम (वीरभद्र धाम) की विशेषता पर विस्तृत आलेख शामिल है। सोखाड़ मेला, जो हजारों वर्षों से आयोजित होता रहा है, ग्रामीण लोक संस्कृति, भक्ति और परंपरा का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रो. भारवि ने कहा कि यह पौराणिक स्थल है और इसका संरक्षण आवश्यक है। डॉ. वैरागी ने कहा कि मेले को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए और रामायण परिपथ से जोड़ा जाना चाहिए। इस अवसर पर राकेश कुमार सिंह, पंकज पांडेय, कौशल शर्मा, बृज किशोर शर्मा, अभय तिवारी, रमेश साधु, राम वृक्ष साह, मिहिर तिवारी, राम जी पाठक, कन्हैया सिंह, जनार्दन पाठक, सिद्धनाथ पाठक, योगेंद्र नाथ तिवारी, जगदम्बा सिंह, दयाशंकर तिवारी, बलवंत सिंह और भोला सिंह सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित रहे।










