डीएवी पब्लिक स्कूल बक्सर में प्रभात फेरी व भव्य शोभा यात्रा का आयोजन
बक्सर। महर्षि दयानंद सरस्वती जी की 202वीं जयंती के पावन अवसर पर डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बक्सर के तत्वावधान में भव्य शोभा यात्रा सह प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में वैदिक संस्कृति, नैतिक मूल्यों और महर्षि दयानंद सरस्वती जी के विचारों का प्रचार करना तथा नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना था। शोभा यात्रा का शुभारंभ विद्यालय परिसर से वैदिक मंत्रोच्चारण और ओम् ध्वनि के साथ हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एन.सी.सी. कैडेटस और प्राचार्य वी. आनंद कुमार उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने महर्षि दयानंद सरस्वती जी के विचारों से युक्त तख्तियाँ, बैनर और पोस्टर लेकर शहर के प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में प्रेरणादायक नारों के साथ यात्रा की। “वेदों की ओर लौटो”, “सत्य, सेवा और संस्कार अपनाओ”, “नारी शिक्षा को बढ़ावा दो” जैसे नारों से वातावरण आध्यात्मिक और प्रेरणादायी बना। प्राचार्य ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती जी समाज सुधार के महान पुरोधा थे और डी.ए.वी. संस्थान उनके आदर्शों पर आधारित है। शहरवासियों ने उत्साह और अनुशासन की प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन महर्षि दयानंद सरस्वती जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेकर किया गया।










