बिहार विधानसभा पुस्तकालय का शैक्षणिक भ्रमण, छात्रों ने जानी लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बारीकियां
बक्सर। बिहार विधानसभा स्थित पुस्तकालय भवन में बुधवार को क्यूयूओटीओ विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विधानसभा पुस्तकालय की कार्यप्रणाली, संसदीय परंपराओं एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार पुस्तकालय में विधायी कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज, संदर्भ ग्रंथ एवं अभिलेख सुरक्षित रखे जाते हैं और जनप्रतिनिधि उनका उपयोग करते हैं। कार्यक्रम के दौरान बक्सर के विधायक आनन्द मिश्र ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अनुशासन, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग देश एवं समाज के विकास में करें तथा भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनें। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।










