महाकालेश्वर मंदिर में 13 से 15 फरवरी तक भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव
ब्रह्मपुर। प्रखंड अंतर्गत तुलसी आश्रम, रघुनाथपुर स्थित प्राचीन महाकालेश्वर मंदिर परिसर में आगामी महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों को लेकर तुलसी विचार मंच के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संतोष सिंह ने की। इसमें आयोजन समिति के सदस्य शैलेश ओझा, राजू मिश्रा, संतोष साह, मुन्ना मिश्रा, गोपाल सिंह, शंभू चंद्रवंशी, भूपेंद्र सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। बैठक में महोत्सव के भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पूजा-अर्चना, जलाभिषेक, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। सभी ने आपसी समन्वय से आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश ओझा ने बताया कि 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन होगा। महाशिवरात्रि के दिन सुबह 9 बजे अखंड हरिकीर्तन, दोपहर 1 बजे काशी व अयोध्या से आए विद्वान पंडितों द्वारा सामूहिक रुद्राभिषेक व शिवविवाह होगा। शाम 4 बजे भव्य शिव बारात निकलेगी। रात में शिवगंगा सरोवर पर गंगा महाआरती, भस्म आरती व जागरण होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय संत स्वामी सिद्धार्थ परमहंस जी महाराज का भी आगमन होगा।










