बक्सर। फाउंडेशन स्कूल के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि विद्यालय के कक्षा नवमी के छात्र रिशु कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 100 मीटर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बिहार राज्य, अपने जिले, माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित की गई थी, जहाँ रिशु कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि रिशु कुमार का चयन पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर 100 मीटर एथलीट के रूप में हो चुका था। उनकी इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं खेल शिक्षकों ने बताया कि रिशु इसी वर्ष आयोजित विद्यालय के खेलकूद समारोह में ‘स्पोट्र्समैन ऑफ द ईयर’ का सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे सतत प्रयासों, शिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। गर्व की बात यह भी है कि इस शैक्षणिक सत्र में फाउंडेशन स्कूल से पाँच विद्यार्थी विभिन्न खेलों में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। समाचार मिलते ही विद्यालय परिसर में हर्ष का वातावरण बन गया। फाउंडेशन स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेलकूद एवं एनसीसी के माध्यम से निरंतर प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देता है।










