पूज्य मामा जी महाराज की स्मृति में स्नान-पूजन व भजन-कीर्तन का आयोजन
बक्सर। प्रातःकाल मंदिर परिसर में पूज्य मामा जी महाराज के श्रीविग्रह का विधिवत स्नान, श्रृंगार एवं पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव मामा जी महाराज द्वारा रचित पदों का संगीतमय गायन तथा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति की गई। साथ ही उनके जीवन, साधना और आध्यात्मिक विचारों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्वयं महंत राजाराम शरण जी महाराज ने किया। इस दौरान अनेक संत-महंतों ने पूज्य मामा जी महाराज की स्मृति में अपने-अपने भाव व्यक्त किए। प्रवचन में बताया गया कि मन ही बंधन और मोक्ष का साधन है। जब मन में यह भाव जागृत हो जाता है कि सब कुछ ठाकुर जी का है, तभी सभी दुख और भय समाप्त हो जाते हैं। संतों ने कहा कि शांत, निष्काम, करुण हृदय और ईश्वर भक्त व्यक्ति की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं। भगवान के चरणों, मुस्कान और सौंदर्य का ध्यान करने से समस्त कष्ट नष्ट हो जाते हैं। ध्रुव-प्रह्लाद की कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए भक्ति मार्ग का महत्व बताया गया।










