रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेले में 875 युवाओं का पंजीकरण, 256 का प्राथमिक चयन
बक्सर। जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रखंड कार्यालय चौगाई के समीप खेल मैदान परिसर में जीविका के माध्यम से रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। यह मेला दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने का सुनहरा अवसर मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी साहिला, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका बक्सर एवं जीविका दीदियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। मेले में 14 प्रतिष्ठित कंपनियों के स्टाल लगाए गए। इसमें कुल 875 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 256 युवाओं का प्राथमिक रूप से चयन किया गया, जबकि 210 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जीविका महिलाओं के साथ-साथ युवाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है। युवाओं को डीडीयू-जीकेवाई के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण और रोजगार का लाभ उठाना चाहिए। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि यह मेला युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर प्रदान करने का सशक्त मंच है। जिला परियोजना प्रबंधक जीविका ने इसे आत्मनिर्भर बिहार और सशक्त ग्रामीण समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।










