चक्की थाना का एसपी शुभम आर्य ने किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों पर सख्त निर्देश
चक्की। गुरुवार को चक्की थाना का पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण, मालखाना, हाजत एवं सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने थाने में संधारित विभिन्न पंजियों, केस डायरी तथा अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में एसपी शुभम आर्य ने थाने में दर्ज लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की और उनके शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चक्की थाना अध्यक्ष अजय कुमार को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए। एसपी ने विशेष रूप से पुराने एवं लंबे समय से लंबित कांडों में अनुसंधान की गति तेज करने, गवाहों के बयान समय पर दर्ज कराने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर जोर दिया। इसके साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और उसकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की हिदायत दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा शिकायतों का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिए।










