यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त, 3 दिनों में 119 वाहनों से वसूला 3.21 लाख जुर्माना
बक्सर। जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी बक्सर द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया गया है। यह अभियान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों तथा सीमावर्ती इलाकों में नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा जिला पदाधिकारी बक्सर एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश के आलोक में रोको-टोको अभियान के तहत बक्सर शहर में हेलमेट एवं सीट बेल्ट की सघन जांच की गई। जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार, 01 फरवरी 2026 से 03 फरवरी 2026 तक जिले के विभिन्न चैक-चैराहों पर कुल 119 वाहनों का शमन किया गया। इस दौरान कुल 3,21,700 रुपये (तीन लाख इक्कीस हजार सात सौ रुपये) का जुर्माना अधिरोपित किया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि बिना वैध कागजात, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें।










