स्वामी विवेकानंद जयंती पर यूएस्को संस्थान में गूंजी कविताएं, झांकियों से दिया सामाजिक संदेश
ब्रह्मपुर। प्रखंड स्थित यूएस्को संस्थान में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्रों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने राष्ट्रप्रेम एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित झांकी प्रस्तुत कर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। संस्थान के निदेशक अमरजीत कुमार ने बताया कि यूएस्को संस्थान की स्थापना प्रख्यात शिक्षाविद् एवं लेखक स्व. रामाधार तिवारी द्वारा शिक्षा के साथ साहित्य और संस्कृति के संवर्धन हेतु की गई थी। मुख्य अतिथि ब्रह्मपुर हाई स्कूल के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र का भविष्य है और नैतिकता व आत्मबल का विकास आवश्यक है। दक्षिण बिहार जनसंवाद प्रमुख शैलेश ओझा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि “जिस राष्ट्र की जड़ें प्रकृति में हों और आत्मा सेवा में, वही राष्ट्र महान बनता है।” कवि गोष्ठी में विनोद कैमुरी, हृदय नारायण हेहर, रत्नेश राही, बबीता कुमारी एवं नुपुर शर्मा ने काव्य पाठ किया। अध्यक्षता जगदीश चंद्र ओझा ने की। संचालन डॉ. ललन मिश्रा तथा धन्यवाद ज्ञापन विंध्याचल शाही ने किया।










