धान अधिप्राप्ति समीक्षा बैठक में जिले की प्रगति का आंकलन
बक्सर। समाहरणालय परिसर में मंगलवार को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में धान अधिप्राप्ति जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में धान अधिप्राप्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि जिले के 8503 किसानों से अब तक 78,025.75 मैट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति की गई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 56.17 प्रतिशत है। किसानों का भुगतान 90.55 प्रतिशत किया जा चुका है। समीक्षा में यह भी बताया गया कि समितियों द्वारा राज्य खाद्य निगम को 12,615 मैट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति की गई है। पिछले अधिप्राप्ति वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिप्राप्ति बढ़ी है, जिससे जिला राज्य में 21वें स्थान पर पहुंच गया है। जिला पदाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को अधिप्राप्ति प्रक्रिया में तेजी लाने और राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को सीएमआर भुगतान एवं एफआरके की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराने और क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर प्रभावी निगरानी रखने पर जोर दिया। बैठक में वरीय उप समाहर्ता अधिप्राप्ति, जिला सहकारिता पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।










