बक्सर में तीन दिवसीय विभागीय आचार्य सम्मेलन संपन्न बच्चों का सर्वांगीण विकास हुआ
बक्सर। शहर के अहिरौली स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विभागीय आचार्य सम्मेलन सोमवार को संपन्न हो गया। सम्मेलन में भोजपुर एवं बक्सर जिले के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिरों से करीब ढाई सौ से अधिक आचार्यों ने भाग लिया। समापन समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि बांका विभाग के विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने की। मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में संस्कारयुक्त शिक्षा के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास किया जाता है। उन्होंने पंचपदी शिक्षण पद्धति, पंचकोश, भारतीय दर्शन एवं संस्कृति पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक गीत, सूर्य नमस्कार, समता, सुलेख, जलेबी दौड़ एवं चम्मच दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला निरीक्षक गंगा चैधरी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद यादव ने किया। मौके पर प्रधानाचार्य मनोज पांडेय सहित कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










