महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में वार्षिक खेलकूद महोत्सव का भव्य समापन, विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित
बक्सर। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय महर्षि विश्वामित्र वार्षिक खेलकूद महोत्सव का भव्य समापन शनिवार को हुआ। अंतिम दिन महाविद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के अंतर्गत अंतर-महाविद्यालय वुशु पुरुष एवं महिला प्रतियोगिता 2025-26 का समापन सत्र एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि बक्सर नगर परिषद की मुख्य पार्षद कामरुन निशा रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के पूर्व प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. सुभाष चन्द्र पाठक एवं डॉ. आनंद भूषण पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कृष्णा कान्त सिंह ने की। क्रीड़ा सचिव डॉ. अवनीश कुमार पाण्डेय ने सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। मुख्य अतिथि कामरुन निशा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. सुजीत कुमार यादव, डॉ. पंकज कुमार चैधरी सहित शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।










