स्व. रामसूरत राय की 19वीं पुण्यतिथि पर कल्याणकारी कार्यक्रम और जरूरतमंदों को वस्त्र वितरण
बक्सर। स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में समाजसेवी स्वर्गीय रामसूरत राय की 19वीं पुण्यतिथि पर जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऐप्टेक सह स्मृति कॉलेज परिसर में पूजन के उपरांत स्व. राय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविद् सह समाजसेवी डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि स्व. रामसूरत राय गुप्तदान और महादान में विश्वास रखने वाले समाजसेवी थे। वे गरीबों, असहायों की शिक्षा एवं विवाह में सहयोग कर समाज के लिए प्रेरणा बने। डी.एस. ओझा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है। डॉ. उषा कुमारी ने समाज निर्माण में नारी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंदों के बीच कंबल, शॉल, साड़ी, जैकेट, टी-शर्ट एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। पंडितपुर मुसहर टोली में लोगों की दयनीय स्थिति देखकर डॉ. रमेश कुमार भावुक हो गए। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव शिव प्रकाश नारायण ने समाजसेवा को पूर्वजों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया। इस अवसर पर अजीत चैबे, दयाशंकर ओझा, विवेक आनंद, रोहित कुमार सहित कई लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।










