मिलेनियम पब्लिक स्कूल में बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बक्सर। नई बाजार स्थित मिलेनियम पब्लिक स्कूल में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बाल मेला के अंतर्गत बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल तथा विभिन्न फूड स्टॉल लगाए गए, जिनका आगंतुकों ने खूब आनंद लिया। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत, स्वच्छता, दैनिक जीवन से जुड़े वैज्ञानिक प्रयोगों एवं तकनीकी नवाचारों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रसिद्ध चिकित्सक महेंद्र प्रसाद, सनबीम पब्लिक स्कूल के निदेशक रविंद्र सिंह, बिहार सेंट्रल स्कूल के निदेशक सरोज सिंह, समाजसेवी विजेन्द्र द्विवेदी, विद्यालय के निदेशक भरत प्रसाद एवं प्रधानाध्यापक शिवानंद उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में डॉ. तनवीर फरीदी, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डाॅ. श्रवण तिवारी, ब्यूरो चीफ जितेंद्र मिश्रा, संजीव ओझा, धीरज पांडेय, अरविंद उपाध्याय सहित शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।










