पंचायत समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा
इटाढी। प्रखंड मुख्यालय सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख मधुकर गुप्ता ने की और संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सचिव किरन कुमारी ने किया। बैठक में बीडीओ ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा पूर्व की बैठक में सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को संबंधित पदाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। सभी सदस्यों ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं प्रस्तुत की। इस बैठक में पंचायत समिति सदस्यों ने नलजल योजना, बिजली, यूरिया खाद, पीएम आवास, वृद्धा पेंशन, राशन आदि से संबंधित मुद्दे उठाए। इनमें सबसे अधिक चर्चा नलजल योजना पर हुई। बैठक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनील कुमार, कृषि पदाधिकारी नेहा कुमारी, पंचायती राज पदाधिकारी आकाश कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी हेमंत कुमार चौबे, थानाध्यक्ष सोनू कुमार, कनिष्ठ विद्युत अभियंता श्रीराम कुमार और संदीप शुक्ला सहित उपप्रमुख संजय मिश्र, मुखिया दिवाकर राय, कविता देवी, अशोक साह, गीता देवी, सचिंद्र राय, राकेश पासवान, राजेश उपाध्याय, कामेश्वर सिंह सहित अन्य पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे।










