डीएम ने मेधावी छात्र को किया सम्मानित
बक्सर। जिला उर्दू भाषा कोषांग के तत्वावधान में गुरुवार को नगर भवन बक्सर में उर्दू कार्यशाला, सेमिनार एवं मुशायरा का आयोजन गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, नजारत उप समाहर्ता बक्सर, वरीय उप समाहर्ता बक्सर तथा प्रभारी पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी बक्सर द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि उर्दू गंगा-जमुनी तहज़ीब की अनूठी पहचान है और इसके संरक्षण व संवर्धन के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुशायरा, सेमिनार और कार्यशाला को उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उप विकास आयुक्त, जो स्वयं कवयित्री हैं, ने अपनी रचना भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करते हुए कहा कि उर्दू हमारी दैनिक जीवन की अभिन्न भाषा है। कार्यक्रम की सफलता में जिला उर्दू भाषा कोषांग के कर्मियों, विशेषकर मो. अमानुल्लाह (उर्दू अनुवादक) और अलीयुन हैदरी सहित अन्य कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।










