चक्की प्रखंड में सरस्वती पूजा विसर्जन शांतिपूर्ण, पुलिस रही पूरी तरह मुस्तैद
बक्सर/चक्की। प्रखंड के सभी गांवों में सरस्वती पूजा की प्रतिमाओं का विसर्जन रविवार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चक्की थाना प्रभारी अजय कुमार ने विसर्जन को लेकर पूर्व से ही सभी पूजा पंडाल समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि हर हाल में रविवार को ही विसर्जन कर लिया जाए, क्योंकि 26 जनवरी को किसी भी स्थिति में विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने लगातार गश्त की। विसर्जन जुलूस के मार्गों, चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस द्वारा जुलूसों पर पैनी नजर रखी जा रही थी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता विसर्जन को पूरी तरह सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना था। पुलिस की सतर्कता एवं पूजा समितियों के सहयोग से पूरे प्रखंड में कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने सफल विसर्जन के लिए चक्की पुलिस का आभार जताया।










