बसंत पंचमी पर सरस्वती विद्या मंदिर में मां सरस्वती की प्रतिमा का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह
बक्सर। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शहर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली परिसर में विद्या की देवी मां सरस्वती की पत्थर प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धा और हर्षाेल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय सचिव हनुमान प्रसाद अग्रवाल एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद द्वारा मां सरस्वती की आरती व विधिवत पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर जैसे विद्यालय आज पूरे विश्व में शोध का विषय बने हुए हैं। यहां शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और सभ्यता का भी समुचित ज्ञान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्या मंदिर से शिक्षा प्राप्त कर निकले भैया-बहन आज देश के उच्च पदों पर आसीन होकर भारत की कीर्ति विश्व पटल पर फैला रहे हैं। बक्सर के लिए यह दिन विशेष है, क्योंकि मां सरस्वती की साक्षात प्रतिमा की स्थापना से विद्यार्थियों के संस्कारों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। कार्यक्रम में आचार्य सत्येंद्र उपाध्याय, प्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार, जिला प्रचारक अभिषेक भारती, राम वकील राय, रमेश बाबा, सुरेश मिश्रा, ज्योति मिश्रा, ज्योति सिन्हा, रोहिणी प्रिया बिसेन, ईश्वर चंद्र, अमित राय, अखिलेश राय, मदन पांडेय, विवेक राय, अनूप चैबे, चांदनी कुमारी, गुड्डी कुमारी, राजन गुप्ता, दिनेश शर्मा, जनार्दन तिवारी, धीरेन्द्र सिंह, वरुण मिश्र सहित सभी आचार्य, अभिभावक एवं भैया-बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।










