उप विकास आयुक्त ने बक्सर सदर प्रखंड में खेल मैदान योजनाओं का किया निरीक्षण
बक्सर। जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने बक्सर सदर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में संचालित खेल मैदान योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल मैदानों की वर्तमान भौतिक स्थिति का जायजा लिया और कार्यों में पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए। निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने खेल मैदानों के समुचित रख-रखाव, समतलीकरण एवं आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को शीघ्र उपलब्ध कराने पर बल दिया। साथ ही बच्चों और युवाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खेल मैदानों के चारों ओर चहारदीवारी निर्माण के लिए उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों एवं मुखिया को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण से खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










