वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. प्रेमचंद उपाध्याय की पांचवीं पुण्यतिथि मनाई गई
बक्सर। बक्सर व्यवहार न्यायालय बार काउंसलिंग के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय प्रेमचंद उपाध्याय की पांचवीं पुण्यतिथि मंगलवार को बक्सर व्यवहार न्यायालय परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों द्वारा उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं ने स्वर्गीय उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे न केवल एक कुशल और निडर अधिवक्ता थे, बल्कि न्याय, सत्य और विधि के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित थे। बार काउंसलिंग के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ-साथ न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय प्रेमचंद उपाध्याय का व्यवहार सरल, सौम्य और सहयोगात्मक था, जिसके कारण वे सभी वर्गों में सम्मानित रहे। उनकी कमी आज भी अधिवक्ता समाज को खलती है। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।










