पुलिस अवर निरीक्षक परीक्षा का सफल आयोजन, डीएम ने केंद्रों का किया निरीक्षण
बक्सर। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के विज्ञापन संख्या 05/2025 के अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक पद की लिखित परीक्षा के सफल आयोजन और शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार को जिला दंडाधिकारी साहिला ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने एमपी उच्च विद्यालय रामरेखा घाट, संत मैरी उच्च विद्यालय नई बाजार और +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय कृतपुरा में परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्रधीक्षक एवं वीक्षकों को भ्रमणशील रहते हुए कदाचार रहित परीक्षा संचालन करने के निर्देश दिए। जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में 7104 अभ्यर्थियों में से 5346 उपस्थित और 1758 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 5552 उपस्थित और 1552 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में किसी भी अभ्यर्थी को निष्कासित नहीं किया गया।










