जिला कांग्रेस ने कंबल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया
बक्सर। जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में रविवार को जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय परिसर में कंबल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने की। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कड़ाके की ठंड में जरूरतमंद, असहाय एवं गरीब लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सैकड़ों कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में कांग्रेस परिवार के सदस्य, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और स्थानीय समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कंबल वितरण के दौरान डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि यदि ईश्वर ने हमें संसाधन दिए हैं, तो हमारा नैतिक दायित्व है कि हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाएँ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मानवता, सेवा और सामाजिक न्याय के मूल्यों पर चलती आई है और आगे भी इसी दिशा में काम करती रहेगी। डॉ. पांडे ने सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रूनी देवी, कुमकुम देवी, निर्मला देवी, वरिष्ठ नेता अजय यादव, राकेश यादव, बबन तिवारी सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम से क्षेत्र में कांग्रेस के प्रति जनसमर्थन और विश्वास मजबूत हुआ।










