मौनी अमावस्या पर बक्सर के गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
बक्सर। मौनी अमावस्या के अवसर पर बक्सर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बिहार के विभिन्न जिलों सहित उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए बक्सर पहुंचे। सबसे अधिक भीड़ प्रसिद्ध रामरेखा घाट पर देखी गई, जहां श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त से ही पहुंचने लगे। नाथ बाबा घाट, सत्ती घाट सहित अन्य घाटों पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने मौन व्रत रखते हुए ठंड के बावजूद आस्था की डुबकी लगाई और स्नान के उपरांत मां गंगा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। रामरेखा घाट के पुजारी लाला बाबा ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान से पापों का नाश होता है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। घाटों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं स्वयंसेवकों की तैनाती से स्नान व्यवस्था शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।










