साबित खिदमत फाउंडेशन ने जरूरतमंद महिलाओं में कंबल वितरित किए
बक्सर। शहर में ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से साबित खिदमत फाउंडेशन की ओर से मंगलवार, 13 जनवरी को कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपराह्न 3 बजे के बाद फाउंडेशन के सभी सदस्यों ने मिलकर सैकड़ों जरूरतमंद महिलाओं के बीच कंबल वितरित किए। इस दौरान नई बाजार, सरिमपुर, शांति नगर सहित आसपास के विभिन्न इलाकों से आई महिलाओं को कंबल प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के निदेशक डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य गरीबी और अभाव में जीवन जी रहे लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना मानवता की सच्ची सेवा है और फाउंडेशन द्वारा यह नेक कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा। डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि साबित खिदमत फाउंडेशन पिछले 10 से 12 वर्षों से लगातार सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय है और हर वर्ष ठंड के मौसम में कंबल वितरण, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा सहयोग जैसे कार्य किए जाते रहे हैं। इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्य सुनील कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुलहरिया, कुमारी तरन्नुम, सनम जैन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सेवा भावना के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। कंबल पाकर जरूरतमंद महिलाओं के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही।










