मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या के लिए बक्सर घाटों का जिला पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दिया निर्देश
बक्सर। मकर संक्रांति एवं मौनी अमावस्या के पूर्व अवसर पर मंगलवार को जिला पदाधिकारी साहिला द्वारा रामरेखा घाट एवं सिपाही घाट का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी बक्सर, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में बताया गया कि 14 जनवरी 2026 को सिपाही घाट के पश्चिमी भाग में पतंग महोत्सव तथा पूर्वी भाग में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पतंग महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, डस्टबीन, पेयजल एवं चलंत शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए घाट की सीढ़ियों पर लगाई गई चैकियों को हटाने, साफ-सफाई, आपदा चेतावनी के प्रसारण, शौचालय साईनेज, पेयजल व्यवस्था, सीसीटीवी, माइकिंग एवं प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं हेतु चेंजिंग रूम को व्यवस्थित करने का भी निर्देश दिया गया। यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।










