ऐप्टेक सह स्मृति कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस पर मनी स्वामी विवेकानंद जयंती
बक्सर। चरित्रवन स्थित ऐप्टेक सह स्मृति कॉलेज परिसर में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. रमेश कुमार द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित स्टाफ सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर स्वामी जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद धर्म और संस्कृति के महान उन्नायक थे। उन्होंने हिंदू धर्म के वास्तविक स्वरूप को विश्व के समक्ष प्रस्तुत किया और यह सिद्ध किया कि आत्मोन्नति एवं मानव कल्याण के लिए इससे श्रेष्ठ कोई मार्ग नहीं है। उन्होंने बताया कि स्वामी जी का जीवन त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक था। जनसेवा के उद्देश्य से उन्होंने संन्यास लिया तथा देश भ्रमण के दौरान समाज की वास्तविक स्थिति को समझा। उनका मानना था कि समाज और राष्ट्र के विकास के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। डॉ. रमेश कुमार ने युवाओं से चरित्रवान, संस्कारी, स्वावलंबी एवं राष्ट्रभक्त बनने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध कथन “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” को आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में हर्षिता कुमारी द्वारा युवाओं की भूमिका पर दिया गया वक्तव्य सराहनीय रहा। कार्यक्रम में दया शंकर ओझा, अजीत कुमार चैबे, रोहित कुमार, मनीषा, आकृति, अनुप्रिया, साक्षी, दीपक, अभिषेक, देवेश, हर्षिता कुमारी, अंब्रिश, आकांक्षा, श्रेया, मणि, सुजाता, मिनी, आलोक सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। अंत में मिष्ठान्न वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।










