कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर में मशरूम उत्पादन पर पाँच दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण संपन्न
बक्सर। कृषि विज्ञान केंद्र, लालगंज (बक्सर) में आयोजित “मशरूम उत्पादन रू आय अर्जन का सशक्त स्रोत” विषय पर आधारित पाँच दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों को वर्ष भर विभिन्न प्रकार के मशरूम उत्पादन की तकनीकों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से बटन मशरूम उत्पादन की व्यवहारिक जानकारी पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रतिभागियों को कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर के सामने स्थापित प्रकाश मिश्र, मिथिलेश कुमार एवं संजीव सिंह द्वारा संचालित बटन मशरूम उत्पादन इकाई का सजीव भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान मशरूम बाग के लिए कम्पोस्ट तैयार करने, बीजाई, केसिंग, तुड़ाई, पैकिंग एवं मार्केटिंग से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि एक बटन मशरूम बाग तैयार करने में लगभग 70 से 75 रुपये का खर्च आता है, जिससे 250 से 350 रुपये तक की शुद्ध आय प्राप्त की जा सकती है। वहीं, ऑयस्टर मशरूम के एक बाग पर 50 से 55 रुपये का खर्च कर 200 से 250 रुपये तक की शुद्ध बचत संभव है। मशरूम उत्पादन कम स्थान में आसानी से किया जा सकता है और यह एक माह के भीतर उपज देना शुरू कर देता है।










