बड़ी मठिया में श्यामा दास महाराज बने नए महंत, विधि-विधान से हुआ मनोनयन
बक्सर। नगर के श्री रामरेखा घाट स्थित बड़ी मठिया में दिवंगत महंत चंद्रमा दास महाराज की अंतिम इच्छा के अनुरूप उनके शिष्य श्यामा दास महाराज को विधि-विधान से मठिया का नया महंत मनोनीत किया गया। बड़ी मठिया के प्रबंधक केदारनाथ सिंह ने बताया कि संत समाज एवं प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में धार्मिक परंपराओं के अनुसार उत्तराधिकार की प्रक्रिया संपन्न हुई। कार्यक्रम सुबह से प्रारंभ होकर देर रात तक चला। इस अवसर पर अयोध्या, काशी, वृंदावन, देवरिया सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे संतों और महंतों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। प्रमुख रूप से महंत सूरज दास महाराज (अयोध्या), रवीश दास जी महाराज (देवरिया), अनिरुद्ध दास जी पहलवान (हनुमानगढ़ अयोध्या), दामोदर रामानुज दास, जगद्गुरु राजगोपालाचार्य स्वामी सहित अनेक संत उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक दायित्व का भी निर्वहन किया गया। लगभग 200 जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया तथा संतों व अतिथियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात समष्टि भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संत समाज ने श्यामा दास महाराज को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल नेतृत्व की कामना की।










