राजवाहा पुल की जर्जर स्थिति को लेकर अजय राय ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
डुमराँव। डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल के पूर्वी दिशा में स्थित राजवाहा पुल की जर्जर स्थिति को लेकर युवा समाजसेवी अजय राय ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि यह पुल लंबे समय से अत्यंत खराब हालत में है, जिससे आए दिन किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुल से होकर अरैला, बांझु डेरा, नंदन, लाखन डिहरा, बीएमपी-4, अरीयाँव सहित कई गांवों के लोग आवागमन करते हैं। ज्ञापन में अजय राय ने उल्लेख किया कि पुल की हालत इतनी दयनीय हो चुकी है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। खासकर अस्पताल के पास होने के कारण मरीजों, एंबुलेंस और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से पुल की शीघ्र मरम्मती कराने की मांग की। एसडीएम ने मामले की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और राजवाहा पुल की जल्द मरम्मती कराने का आश्वासन दिया। इस पर अजय राय ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।










