भीषण ठंड के चलते बक्सर में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय 8 जनवरी तक बंद
बक्सर। आजिले में अचानक मौसम परिवर्तन और अत्यधिक ठंड बढ़ जाने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन निर्णय लिया है। जिलाधिकारी साहिला के आदेशानुसार जिले के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों (प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित) में कक्षा 1 से 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर 05 जनवरी 2026 से 08 जनवरी 2026 तक प्रतिबंध लगाया गया है। कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाओं की गतिविधियाँ प्रातः 10ः30 बजे से अपराह्न 03ः30 बजे तक संचालित की जा सकेंगी, ताकि विद्यार्थियों को ठंड से सुरक्षा मिले। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे समय-सारिणी में आवश्यक परिवर्तन करें। प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं के लिए संचालित विशेष कक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी। सभी संबंधित विभागों-शिक्षा विभाग, समेकित बाल विकास परियोजना, नगर निकाय और पुलिस प्रशासन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।










