कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज ऋषि राय का निधन, जिले में शोक की लहर
बक्सर। रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सदस्य, पाहवा बेंच के आजीवन अध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य एवं रोटरी क्लब के सक्रिय सदस्य रहे राज ऋषि राय का रविवार को आकस्मिक निधन हो गया। वे 77 वर्ष के थे। उनके निधन से सामाजिक सरोकारों से जुड़े जिले भर के लोगों में शोक की लहर व्याप्त है। समाज को, विशेषकर पाहवा बेंच को, उनसे अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनका सौम्य, हंसमुख चेहरा और मृदुल स्वभाव सभी के सुख-दुख का सच्चा साथी रहा। उनके निधन पर पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, पूर्व प्रदेश सचिव कामेश्वर पांडे, इंजीनियर रामप्रसन्न द्विवेदी, अमरनाथ ओझा, बिहार प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष दिनेश जायसवाल, चैसा प्रखंड अध्यक्ष राजा रमन पांडे, बजरंगी मिश्रा, सहारा के ब्यूरो चीफ जितेंद्र मिश्रा, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डाॅ0 श्रवण तिवारी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।










