नशा मुक्ति रंगोली प्रतियोगिता से किला मैदान में जागरूकता की रंगीन पहल
बक्सर। मेडिकल सिटी फाउंडेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत किला मैदान, बक्सर में नशा मुक्ति रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कला और रचनात्मकता के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं को नशा-मुक्त समाज निर्माण से जोड़ना रहा। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रंगोली के माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है, इसलिए ऐसे जनभागीदारी वाले रचनात्मक कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। रंगोली प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रौशनी कुमारी, द्वितीय स्थान ऋचा कुमारी तथा तृतीय स्थान पलक कुमारी को प्राप्त हुआ। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं सांत्वना पुरस्कार दिए गए तथा उपस्थित लोगों ने नशा-मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। फाउंडेशन ने बताया कि आगे हरित रिबन वितरण, क्विज प्रतियोगिता, शपथ बोर्ड और पोस्टर अभियान भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में निदेशक रामनारायण सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।










