नववर्ष पर जदयू जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कराया भव्य लिट्टी–चोखा मैत्री भोज
बक्सर। नववर्ष के अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की ओर से आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य लिट्टी–चोखा मैत्री भोज का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्टेशन रोड स्थित वृंदावन वाटिका मैरिज हॉल में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। गुरुवार को आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चला। मैत्री भोज में पारंपरिक लिट्टी–चोखा के साथ खीर भी परोसी गई, जिसका लोगों ने खूब आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा और लोग एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते नजर आए। इस अवसर पर अशोक कुमार सिंह ने कहा कि नववर्ष के पहले दिन आयोजित यह मैत्री भोज समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने इसे सामाजिक एकता और आपसी मेल-जोल का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अजित चौधरी, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य राजू खरवार सहित जिले के कई गणमान्य लोग तथा विभिन्न पंचायतों से आए हजारों नागरिक उपस्थित रहे।










