नववर्ष की पूर्व संध्या पर रेड क्रॉस ने स्टेशन परिसर में जरूरतमंदों को बांटे कंबल
डुमराँव। नववर्ष की पूर्व संध्या पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला उप शाखा डुमरांव द्वारा कड़ाके की पड़ रही ठंड में मानवीय पहल करते हुए स्थानीय स्टेशन परिसर में रहने वाले दर्जनों जरूरतमंद व असहाय लोगों को मानवता रूपी कंबल ओढ़ाया गया। सोसाइटी के उपाध्यक्ष सह अनुमंडलाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में उप शाखा के सदस्यों ने स्टेशन परिसर के प्रतिक्षालय, फुट ओवरब्रिज के नीचे व पूछताछ कार्यालय के समीप घूम-घूम कर जरूरतमंदों को कंबल ओढ़ाया। साथ ही उनसे ठंड से बचने की अपील की। सोसाइटी द्वारा मिले बेहतर क्वालिटी का कंबल पाकर स्टेशन परिसर में रहने वाले असहाय लोग काफी खुश नजर आए। उन्होंने इसके लिए अनुमंडलाधिकारी एवं अन्य सदस्यों का काफी सारे आशीर्वचनों के साथ आभार जताया। इस मानवीय कार्य में स्थानीय शाखा के सचिव मोहन गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, आजीवन सदस्य सह समाजसेवी राजीव रंजन सिंह, संतोष शर्मा ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। विदित हो की कुछ दिनों पहले सचिव मोहन गुप्ता का हार्ट अटैक आया था, और वो अभी इलाजरत हैं। बावजूद उन्होंने इस मानवीय पहल में अपनी सक्रिय भूमिका का निर्वहन किया। वही इस मौके पर उप शाखा के वरीय सदस्य अनिल कुमार ओझा, शिक्षक रविशंकर सिंह, उपेंद्र तिवारी, सर्वजीत कुमार, संटू मित्रा, अमित पाठक, आरपीएफ हवलदार ब्रजेश राय आदि उपस्थित थे।










