डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल बक्सर में वार्षिक संस्कृति, कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बक्सर। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बक्सर में वार्षिक संस्कृति, कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम वी. आनंद कुमार, प्राचार्य सह प्रक्षेत्र अधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दिलशाद आलम, अध्यक्ष, रोटरी क्लब, बक्सर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. राम केवल, सीनियर साइंटिस्ट, कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर तथा डॉ. सैकत देवनाथ, विभागाध्यक्ष, एम.वी. कॉलेज, बक्सर शामिल थे। बिहार जोन ‘ज’ के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान, कला और संस्कृति से जुड़े आकर्षक मॉडल, चार्ट, चित्रकला, हस्तशिल्प एवं नवाचार प्रस्तुत किए गए। विज्ञान खंड में पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और तकनीक आधारित मॉडल दर्शनीय रहे, जबकि कला एवं संस्कृति खंड में भारतीय परंपरा और आधुनिक कला का सुंदर समन्वय देखने को मिला। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। अंत में प्राचार्य ने सभी का आभार व्यक्त किया और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।










