रोटरी क्लब बक्सर ने किया सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
बक्सर। रोटरी क्लब बक्सर द्वारा पीपीएच कैंपस के अंतर्गत सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 26 दिसंबर को साबित खिदमत अस्पताल में किया गया। यह प्रशिक्षण अभियान जिले में लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आपात स्थिति में अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है। इस अवसर पर रोटरी अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि सीपीआर की जानकारी सभी सिविल सोसाइटी के लोगों को होना अत्यंत आवश्यक है। रोटरी बक्सर द्वारा यह प्रशिक्षण स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न अस्पतालों में आयोजित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिक आवश्यकता पड़ने पर स्वयं सीपीआर दे सकें। यह प्रशिक्षण शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि सीपीआर देते समय एक मिनट में लगभग 100 से 120 चेस्ट कंप्रेशन देने चाहिए, अर्थात एक सेकंड में लगभग दो कंप्रेशन। प्रत्येक 30 कंप्रेशन के बाद दो बार मुंह से सांस (रेस्क्यू ब्रीद) दी जाती है तथा साथ ही आपातकालीन स्थिति में तुरंत अस्पताल या एंबुलेंस को सूचित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह तीसरी सीपीआर ट्रेनिंग है, जो इससे पहले नरेंद्र देव स्कूल तथा साबित खिदमत अस्पताल में आयोजित की जा चुकी है और आगे इसे अन्य स्कूलों में भी किया जाएगा। कार्यक्रम में ओमप्रकाश घघरी, देवी शिल्पी रानी, अमृता, तरन्नुम, प्रमोद, कौशल किशोर, मंगला राय, रोटेरियन रियासत अंसारी, रोटरेक्ट राहुल, सचिव साहिल सहित अस्पताल के कर्मी उपस्थित रहे।










