ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, मोबाइल चोरी में दो आरोपी गिरफ्तार
बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल, बक्सर द्वारा ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य स्टेशन परिसर में सक्रिय यात्री सामान चोरों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करना था। अभियान के दौरान सब इंस्पेक्टर विजेंद्र मुवाल, आरक्षी राहुल यादव तथा सीआईबी दानापुर के प्रधान आरक्षी वीरेंद्र कुमार गुप्ता की टीम द्वारा बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर सघन गश्ती की जा रही थी। इसी क्रम में दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में देखा गया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। तत्परता दिखाते हुए टीम ने मौके पर ही दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम क्रमशः क्रिश कुमार ठाकुर, ग्राम धरौली, थाना बगेन गोला निवासी तथा शिवम कुमार, ग्राम मीरगंज, थाना नगर आरा, जिला भोजपुर निवासी बताया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन तथा दूसरे के पास से मोबाइल फोन का सिम कार्ड बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रात्रि में गाड़ी संख्या 13201 अप के बक्सर स्टेशन से खुलने के दौरान एक सोए हुए यात्री का मोबाइल चोरी किया था।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत दोनों आरोपियों को बरामद सामान के साथ अग्रिम कार्रवाई हेतु जीआरपी थाना बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया। निरीक्षक प्रभारी आरपीएफ बक्सर कुंदन कुमार के नेतृत्व में आगे भी ऐसे अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।










