शीतलहर को लेकर बक्सर में अलाव व अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था
बक्सर। जिले में लगातार तापमान में गिरावट एवं शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी, बक्सर के निर्देशानुसार आमजनों की सुरक्षा एवं राहत हेतु जिले के सभी प्रमुख एवं भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर अलाव तथा अस्थायी आश्रय स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस क्रम में जिले के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, अस्पताल परिसरों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, ताकि ठंड से प्रभावित जरूरतमंद, असहाय एवं राहगीरों को राहत मिल सके। साथ ही, रात्रि के समय ठंड से बचाव के लिए अस्थायी आश्रय स्थलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं नगर निकायों को नियमित रूप से अलाव संचालन, आश्रय स्थलों की निगरानी एवं आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया है। आमजन से अपील की गई है कि वे अत्यधिक ठंड के समय सावधानी बरतें तथा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का लाभ उठाएं।










