बक्सर में आपकी पूंजी आपका अधिकार अभियान के तहत अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स पर जागरूकता शिविर आयोजित
बक्सर। वित्त मंत्रालय, भारत सरकार एवं भारतीय रिज़र्व बैंक के दिशा-निर्देश पर “आपकी पूंजी आपका अधिकार” अभियान के तहत बक्सर जिले में अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स के निबटान को लेकर शुक्रवार को जिला समाहरणालय स्थित नए सभागार में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। शिविर में अपर समाहर्ता बक्सर, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), डीडीएम नाबार्ड सहित जिले के सभी बैंकों के जिला समन्वयक एवं बीमा कंपनियों के प्रबंधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वरीय प्रबंधक, अग्रणी जिला बैंक कार्यालय महावीर प्रसाद गुप्ता द्वारा अभियान के उद्देश्य की जानकारी देकर की गई। अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक ने बताया कि बक्सर जिले के विभिन्न बैंकों में कुल 1,42,928 खातों में 63.79 करोड़ रुपये अनक्लेम्ड राशि के रूप में पड़ी है। इसमें 1,09,804 व्यक्तिगत खातों में 44.41 करोड़ रुपये तथा 33,124 संस्थागत एवं सरकारी खातों में 19.37 करोड़ रुपये शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 30 नवम्बर 2025 तक 119 खातों में 1.79 करोड़ रुपये की अनक्लेम्ड राशि का निबटारा किया जा चुका है। अभियान का उद्देश्य शेष दावों का सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध निपटान करना है। उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि अनक्लेम्ड राशि एवं अन्य वित्तीय दावों की समय पर प्राप्ति के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। यह अभियान लोगों को उनके वित्तीय अधिकार दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शिविर में उपस्थित लोगों को संबंधित दावों की प्रक्रिया तथा सरकारी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जानकारी भी दी गई, ताकि निवेशक या उनके परिजन अपनी जमा पूंजी आसानी से वापस प्राप्त कर सकें।










