तुलसी आश्रम रघुनाथपुर में भव्य राम दरबार का निर्माण तेज, प्राचीन राम जानकी मंदिर का हो रहा जीर्णाेद्धार
ब्रह्मपुर। प्रखंड अंतर्गत तुलसी आश्रम रघुनाथपुर में भव्य राम दरबार के निर्माण एवं पंद्रहवीं शताब्दी से स्थापित प्राचीन राम जानकी मंदिर के जीर्णाेद्धार का कार्य तेजी से चल रहा है। बक्सर जिले का यह ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल गोस्वामी तुलसीदास की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध है, जहां उन्होंने रामकथा का प्रसार किया तथा रामचरितमानस के उत्तर कांड की रचना की थी। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अयोध्या की तर्ज पर भव्य राम दरबार के निर्माण की योजना है। नव निर्मित मंदिर परिसर में राम-जानकी के साथ लक्ष्मीनारायण एवं राधे-कृष्ण की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जिनका निर्माण राजस्थान के कुशल कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश ओझा ने बताया कि रघुनाथपुर केवल एक गांव नहीं, बल्कि भारतीय भक्ति और साहित्य की जीवंत धरोहर है। ऐतिहासिक अभिलेखों एवं शाहाबाद गजेटियर में भी गोस्वामी तुलसीदास के यहां प्रवास का उल्लेख मिलता है। आश्रम परिसर में स्थित महाकाल मंदिर, तुलसी सरोवर, गंगा आरती, रामोत्सव, तुलसी जयंती एवं महावीरी झंडा जुलूस जैसे आयोजन धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। स्थानीय लोगों ने इस स्थल को रामायण सर्किट में शामिल कर धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है।










