मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नावानगर औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कर औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए दिए निर्देश
नावानगर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बक्सर जिले के नावानगर औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कर संचालित औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने औद्योगिक विकास को गति देने और अधिक रोजगार सृजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने वरुण वेबरेज लिमिटेड, एस०एल०एम०जी० वेबरेज लिमिटेड, भारत प्लस इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड तथा पेप्सीको बॉटलिंग प्लांट और वाटर बॉटलिंग प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्वालिटी लैब, उत्पादन प्रक्रिया, वाटर ट्रिटमेंट प्लांट और माइक्रो लैब का मुआयना किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को औद्योगिक इकाइयों का निवेश, उत्पाद, बाजार की उपलब्धता और रोजगार सृजन संबंधी जानकारी दी। नावानगर औद्योगिक क्षेत्र में कुल 439.68 एकड़ भूमि है, जिसमें 126.51 एकड़ को विशेष आर्थिक जोन (एसईजेड) के रूप में विकसित किया गया है। यह एसईजेड 19 अक्टूबर 2024 को वाणिज्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र का और विस्तार किया जाए, जिससे बिहार में निवेश बढ़े, निर्यात सृजन हो और रोजगार के अवसर बढ़ें। भ्रमण के पश्चात मुख्यमंत्री ने हवाई मार्ग से बक्सर में निर्मित गंगा पुल का सर्वेक्षण किया। यह पुल बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ता है और क्षेत्रीय व्यापार एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री, विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उद्योग विभाग के सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।










