बड़ी खबर
कचरा प्रबंधन की अव्यवस्था पर जदयू नेता ने उठाए सवाल
डुमराँव। मंगलवार को जदयू नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने डुमराव नगर परिषद क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 16 के महाकाल रोड सहित पूरे शहर में जगह-जगह कचरा फेंका जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उनका आरोप है कि कचरा डंपिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की लूट हो रही है और आने वाले समय में कई अनियमितताएँ उजागर होंगी। रवि उज्जवल ने कहा कि नगर परिषद शहर के कचरे को शहर के अंदर ही एक स्थान से दूसरे स्थान पर ढोकर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है, जबकि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण का अधिकार है। बढ़ती गंदगी के कारण डुमराव में बीमारी फैल रही है और लोग परेशान हैं। इस मौके पर उनके साथ जदयू नगर अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता, वीरेन्द्र कुशवाहा एवं दीपक कुमार उपस्थित थे।










